भजनलाल व चंद्रमोहन पर अमर्यादित टिप्पणी शर्मनाक, अस्वीकार्य : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजनीतिक मर्यादाओं के उल्लंघन पर कांग्रेस का कड़ा रुख, भाजपा से माफी और कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल एवं विधायक चंद्रमोहन के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह बयान पूरी तरह शर्मनाक, अस्वीकार्य और प्रदेश की जनता का अपमान है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के बयान न केवल राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सभ्यता पर भी प्रश्नचिह्न लगाते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों से संयमित भाषा, शालीन व्यवहार और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जब किसी दिवंगत जननेता, जैसे चौधरी भजनलाल, जिन्होंने अपना जीवन जनता की सेवा और प्रदेश के विकास को समर्पित किया हो, उनके प्रति अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी भजनलाल के योगदान को सम्मान के साथ याद करती है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि केवल भजनलाल ही नहीं, बल्कि उनके पुत्र और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक संस्कारों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत कटाक्ष और अभद्र भाषा किसी भी सभ्य लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के अहंकार का प्रभाव अब उनके नेताओं के व्यवहार और बयानों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

राव नरेंद्र सिंह ने मांग की कि भाजपा नेतृत्व इस मामले पर तुरंत संज्ञान ले और रेखा शर्मा से सार्वजनिक माफी मंगवाए। साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर यह संदेश दे कि राजनीतिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं और लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और ऐसे मामलों में मजबूती से विरोध दर्ज कराती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!