मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लेजर वैली पार्क में आधुनिक फाउंटेन व लाइट शो का किया उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने कहा, लेजर वैली पार्क में बनेगा सिंथेटिक ट्रैक, सौंदर्यीकरण को लेकर भी की घोषणा

गुरुग्राम, 26 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में करीब 8 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक लाइट एंड साउंड शो के साथ 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग (वॉटर स्क्रीन पर) का उद्घाटन करते हुए इसे गुरुग्रामवासियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पार्क शहर के लोगों के लिए सुकून, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लेजर वैली पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम सैर के लिए आते हैं और यहां का वातावरण उन्हें मानसिक शांति व नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति चिंताओं से मुक्त होता है तो उसका स्वास्थ्य बेहतर होता है और कार्यक्षमता भी बढ़ती है। इस अवसर पर उन्होंने पार्क में सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण तथा इसके और अधिक सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की, ताकि गुरुग्राम ही नहीं बल्कि बाहर से आने वाले लोग भी यहां आकर्षित हों और इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने इस नई सौगात के लिए गुरुग्राम के नागरिकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर म्यूजिकल फाउंटेन पर भगवान हनुमान जी की 3डी कथा का चित्रण भी देखा।

इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम का यह प्रमुख और सबसे बड़ा पार्क लंबे समय से लोगों के लिए सुबह-शाम सैर और विश्राम का प्रमुख केंद्र रहा है। गुरुग्राम की बढ़ती आबादी को देखते हुए यह पार्क नागरिकों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है। यहां आने वाले लोगों को न केवल मनोरंजन मिलेगा, बल्कि उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के सीपी विकास अरोड़ा, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, डीसी उत्तम सिंह, अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार , गुरुग्राम के विभिन्न निगम पार्षद, भाजपा के मंडल अध्यक्ष, रोटेरियन रविंद्र जैन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत लाइट एंड साउंड शो तीन प्रमुख विषयों पर आधारित है। बाल हनुमान: ऊर्जा एवं अटूट भक्ति; गुरु द्रोणाचार्य: ज्ञान एवं अनुशासन;

समय की पुस्तक: विरासत से विकास तक की निरंतर यात्रा।
यह प्रस्तुति सांस्कृतिक दर्शन को आगे ले जाते हुए आधुनिकता और परंपरा के संतुलन को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि जीएमडीए द्वारा शहर के समग्र एवं संतुलित विकास हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जहाँ आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ सांस्कृतिक दृष्टिकोण का भी समन्वय किया जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!