नेवी चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी की उपस्थिति और पद्मश्री कैलाश खेर के कर कमलो सें मिला राष्ट्रीय सम्मान

गुरुग्राम, 26 अप्रैल। राजधानी के ताज पैलेस में आयोजित “7वें सिक्स सिग्मा लीडरशिप समिट एवं एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026” में गुरुग्राम के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद चंदन को ‘बेस्ट जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर’ के गौरवशाली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पद्म श्री कैलाश खेर के हाथों प्रदान किया गया। स्वास्थ्य जगत में ‘ऑस्कर’ के समकक्ष माने जाने वाले इस पुरस्कार के लिए इस वर्ष वैश्विक स्तर पर कुल 1948 नामांकन प्राप्त हुए थे। एक उच्च स्तरीय जूरी द्वारा किए गए गहन विश्लेषण और आंतरिक-बाहरी ऑडिट के बाद सर्वसम्मति से अरविंद चंदन के नाम का चयन किया गया। उन्हें यह पुरस्कार विशेष रूप से पत्रकारिता के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने, सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने और सेवा वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में उनके नेतृत्व और समर्पण के लिए दिया गया है। उनके चयन से मीडिया जगत और गुरुग्राम के निवासियों में गर्व की लहर है।
शौर्य और सेवा का महासंगम: नेवी चीफ और बॉलीवुड हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
यह भव्य समारोह भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की गौरवगाथा को समर्पित रहा, जिसमें रियल और रील हीरोज ने एक साथ मंच साझा किया। मुख्य अतिथि नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने सिक्स सिग्मा द्वारा 19,000 फीट की ऊंचाई पर दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की और इस अवसर पर विशेष सहयोग की घोषणा भी की। समिट की भव्यता में बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों जैसे हेमा मालिनी, जया प्रदा, राणा दग्गुपति, राजपाल यादव और दलेर मेहंदी की उपस्थिति ने चार चाँद लगा दिए। नौसेना और सीआईएसएफ के बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति की धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
1000 से अधिक दिग्गजों की सहभागिता के बीच मानवता की सेवा का सम्मान
डॉ. प्रदीप भारद्वाज द्वारा आयोजित इस महा-आयोजन में देश-विदेश के 1000 से अधिक प्रतिष्ठित डॉक्टर, उद्योगपति और नीति-निर्माता शामिल हुए। यह समिट उन दिग्गजों को सम्मानित करने की एक अनूठी पहल थी जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा के लिए नए मानक स्थापित किए हैं। अरविंद चंदन जैसे प्रखर पत्रकारों को सम्मानित कर सिक्स सिग्मा ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण में सत्यनिष्ठ पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह आयोजन सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता के माध्यम से भारत को वैश्विक पटल पर गौरवान्वित करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।








