अग्निशमन व नगर पालिका कर्मचारियों का प्रदर्शन, विधायक को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मांगें पूरी न होने पर 26 अप्रैल तक बढ़ाई हड़ताल, फरीदाबाद घटना के मृतक कर्मियों को शहीद का दर्जा देने की मांग

गुरुग्राम, 24 अप्रैल (अशोक): फरीदाबाद में हुई घटना में अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारियों की मौत के बाद न्याय और लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन व नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सेक्टर-21 स्थित हुडा मार्केट परिसर में एकत्रित कर्मचारियों ने यूनियन प्रधान बसंत कुमार व अग्निशमन विभाग यूनियन के प्रधान साहुन खान की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद कर्मचारी स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा के आवास पर पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सेक्टर-29 स्थित दमकल केंद्र पर कर्मचारियों की हड़ताल 17वें दिन भी जारी रही।

कर्मचारी नेताओं जोगेंद्र करोथा, सुशीला देवी, राजेश कुमार, बसंत कुमार और धर्मेंद्र जिंगाला ने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकलकर्मी रणवीर सिंह और भवीचंद शर्मा को शहीद का दर्जा देने, उनके आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों ने 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता लागू करने, पे-रोल व कौशल निगम के कर्मचारियों को विभागीय पदों पर समायोजित कर समान काम के लिए समान वेतन देने, ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में गृह जिला देने और ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों को मुफ्त इलाज व विशेष अवकाश देने की मांग भी उठाई।

कर्मचारियों ने 23 व 31 दिसंबर 2025 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और समान काम समान वेतन लागू करने की भी मांग की।

यूनियन नेताओं ने बताया कि हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 26 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तब तक सरकार ने मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस दौरान महेश कुमार, सम्मी बोहत, रिंकू चावरिया, सीमा देवी, ज्ञानचंद, तेजपाल, गब्बर सिंह, वनिता देवी, बंटी, दीपक जोयल, कैलाश, विक्रम, पुष्पेंद्र, जोगिंदर, नरेश कुमार, कुलदीप और मुकेश सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!