युवाओं और बच्चों ने एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए मैराथन में उत्साहपूर्वक लिया भाग
यह दौड़ सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक – मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर बढ़ाया उनका मनोबल
हरियाणा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध , समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए चलाई अनेक योजनाएं- श्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 14 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज यवनिका पार्क सेक्टर-5 से भारत रत्न बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित समता मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह दौड सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इससे पूर्व, मैराथन स्थल पर पहुंचने पर युवाओं और बच्चों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी स्नेहपूर्वक लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने न केवल मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया, बल्कि प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका मनोबल भी बढ़ाया। प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 तक मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बाबा साहेब की 135वीं जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, त्याग और संकल्प की एक अद्भुत गाथा है। उन्होंने अपने पूरे जीवन को समाज के उस वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया जो सदियों से वंचित और शोषित रहा। उन्होंने हमें केवल संविधान ही नहीं दिया बल्कि एक ऐसी विचारधारा दी जो समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांत पर आधारित हैं। आज की यह समता मैराथन उसी विचारधारा को जन जन तक पंहुचाने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यह मैराथन हमें यह संदेश देती है कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव, असमानता या अन्याय स्वीकार नहीं है। हमें मिलकर ऐसे भारत का निर्माण करना है जहां हर व्यक्ति को समान अवसर मिले, हर नागरिक को सम्मान मिले और कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित ना रहे। यही बाबा साहेब का सपना था और यही हमारे संविधान की आत्मा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई है, जिनका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पंहुचाना है। उन्होंने कहा कि चाहे शिक्षा के क्षेत्र में छात्रवृति योजनाएं हो, रोजगार के अवसर हो या सामाजिक सुरक्षा की योजनाएं- हरियाणा सरकार हर स्तर पर समानता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का स्पष्ट मानना है कि जब तक समाज का हर वर्ग सशक्त नहीं होगा तब तक प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। इसलिए हम लगातार ऐसी नीतियां बना रहे है जो समाज के कमजोर वर्गों को मुख्य धारा में लाने का कार्य करे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि आप देश का भविष्य है और आप सभी के कंधों पर एक सशक्त और समनतामूलक समाज के निर्माण की जिम्मेदारी है। बाबा साहेब ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया था। उन्होंने कहा था कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। हमें उनके इन शब्दों को अपने जीवन में उतारना होगा। शिक्षा, जागरूकता और एकता के माध्यम से ही हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब को नमन करते हुए लोगों से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर एक ऐसे भारत का निर्माण करें जो समता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित हो।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बडौली, राज्य सभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेनू भाटिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, सामुदायिक पुलिसिंग और आउटरिच कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी आईजी श्री पंकज नैन, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक श्रीमती वर्षा खंगवाल, अतिरिक्त निदेशक श्री मनीष लौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।









