स्वस्थ जीवन की ओर कदम: योग दिवस 2026 से पहले विशेष योग शिविरों का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयुष विभाग गुरुग्राम व हरियाणा योग आयोग की पहल, बुजुर्गों व ग्रामीणों में बढ़ी योग के प्रति जागरूकता

गुरुग्राम, 13 अप्रैल 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 75 दिन पूर्व प्रारंभ की गई गतिविधियों के अंतर्गत आयुष विभाग, गुरुग्राम एवं हरियाणा योग आयोग के तत्वाधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योग शिविरों का सफल आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इसी क्रम में ग्राम घोषगढ़ की व्यायामशाला में बुजुर्गों के लिए विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के दिशा-निर्देश तथा जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योग सहायक विक्रम और विनोद ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया। इस दौरान बुजुर्गों को योग के साथ संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

वहीं, 13 अप्रैल को योगशाला, दमदमा ब्लॉक (सोहना) में भी एक योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन योग सहायक गीता और ज्योति द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास किया और योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों को समझा। इस शिविर में गांव के लगभग 120 पुरुषों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयुष विभाग, गुरुग्राम द्वारा आयोजित इन शिविरों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर बुजुर्गों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हों।

विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!