वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब ने धूमधाम से मनाया बैसाखी पर्व, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गीत-संगीत, भजन और नृत्य के साथ झूमे सदस्य, वार्षिकोत्सव की तैयारियां भी शुरू

गुरुग्राम, 12 अप्रैल 2026: वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम इकाई द्वारा सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में बैसाखी पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। क्लब के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में माह के दूसरे शनिवार को सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ किया। इसके बाद सिंगर धर्मपाल व उनके साथी महेश चंद ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। वीणा श्रीवास्तव, जगदीश अरोड़ा, एमआर कुमार और मदन डूडेजा सहित कई कलाकारों ने अपने-अपने गीतों और भजनों से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

संस्था के ब्रांड एंबेसडर नंदकिशोर सरदाना ने जहां पंजाबी गीतों से माहौल में जोश भर दिया, वहीं प्रसिद्ध गायिका पूनम रावा ने खाटू श्याम भजनों की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धा का वातावरण बना दिया। सुभाष शर्मा द्वारा प्रस्तुत गीतों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

बैसाखी के अवसर पर ढोल की थाप पर प्रधान धर्मसागर, डीएन कवातरा, एमआर कुमार और अन्य सदस्यों ने गिद्धा व डांडिया नृत्य कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। किरण सैनी के भजनों पर भी सदस्यों ने जमकर नृत्य किया।

इस अवसर पर प्रधान धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि क्लब का वार्षिकोत्सव आगामी 3 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसकी रिहर्सल सोमवार से शुरू होगी। इच्छुक सदस्य अपने नाम मदनलाल डूडेजा के पास दर्ज करवा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान समय पर पहुंचने वाले 20 सदस्यों में से लकी ड्रा के जरिए दो विजेताओं—जगवती देवी दीपक और एसके अनेजा—को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर रमेश वशिष्ठ, शशि अरोड़ा, रमिता जैन, हरीश सरदाना, बीके पसरीचा, ओमदत्त, एलडी बवेजा, केसरदास ग्रोवर, सीएस आहूजा, आरसी दीवान, एसके गाबा, एफसी चुघ, ऊषा, कमलेश, विनोद बजाज, केके सैनी, एसएल कालरा, एचएस सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!