अधिकारियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को बताया प्रेरणास्रोत, कहा—उनकी कार्यनिष्ठा और सिद्धांत हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे
समर्पण, सादगी और उत्कृष्ट कार्यशैली रही पहचान, श्री सांगवान ने सेवाकाल की उपलब्धियों को किया नमन

गुरुग्राम, 03 अप्रैल। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, गुरुग्राम द्वारा शुक्रवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग मुख्यालय से सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक (फील्ड) श्री रणबीर सिंह सांगवान के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, विभाग के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न जिलों से आए जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी तथा श्री रणबीर सिंह सांगवान की धर्मपत्नी सरोज व उनके परिजन सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को बताया प्रेरणास्रोत, कहा—उनकी कार्यनिष्ठा और सिद्धांत हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे
समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री सांगवान को गरिमामय विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की हार्दिक कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, अनुशासित कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री सांगवान ने अपने सेवाकाल के दौरान न केवल विभागीय कार्यों को दक्षता और पारदर्शिता के साथ संपादित किया, बल्कि अपने सहयोगियों का मार्गदर्शन करते हुए एक सकारात्मक कार्यसंस्कृति भी विकसित की। उनके योगदान को विभाग के लिए अमूल्य बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनकी कार्यशैली और सिद्धांत आने वाले समय में भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
समर्पण, सादगी और उत्कृष्ट कार्यशैली रही पहचान, श्री सांगवान ने सेवाकाल की उपलब्धियों को किया नमन

समारोह में श्री रणबीर सिंह सांगवान ने अपने सेवाकाल को स्मरण करते हुए कहा कि जनसंपर्क के क्षेत्र में बिताए गए 28 वर्षों का यह सफर उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण, सीखों से भरा और संतोषदायक रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह रहा, जहां उन्हें निरंतर सहयोग, विश्वास और आत्मीयता मिली। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जनसंपर्क का कार्य समाज और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु का काम करता है, जिसे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निभाना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें विभिन्न जिलों में कार्य करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने टीम के साथ मिलकर जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि विभाग इसी समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे भी उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।
28 वर्ष 4 माह की संतोषजनक एवं समर्पित सेवा पूर्ण करने के उपरांत 30 मार्च को मुख्यालय से हुए थे सेवानिवृत्त

श्री सांगवान मूल रूप से चरखी दादरी जिले के झोझू खुर्द गांव के निवासी हैं। उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय से अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात मास कम्युनिकेशन में डिग्री हासिल की और 21 नवंबर, 1997 को जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में विभाग में अपनी सेवाएं आरंभ कीं। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने विभाग की प्रेस शाखा से की, जिसके बाद उन्होंने सिरसा, जींद, हिसार, रोहतक, गुरुग्राम एवं फतेहाबाद जैसे विभिन्न जिलों में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर उनकी मजबूत पकड़ तथा उनका मृदुभाषी व्यक्तित्व उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय बनाता रहा। वर्ष 2012 में उन्हें उपनिदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने हरियाणा भवन, नई दिल्ली तथा एनसीआर में उपनिदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। अतिरिक्त निदेशक (फील्ड) के रूप में उन्होंने विभिन्न अतिविशिष्ट राजनेताओं एवं प्रमुख हस्तियों के कार्यक्रमों के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और छवि को नई ऊंचाइयां मिलीं।
विदाई समारोह में उपनिदेशक अमित पवार, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक महिपाल सिंह, सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक अशोक शर्मा, झज्जर के सेवानिवृत्त डीआईपीआरओ सतीश सहवाग, डीआईपीआरओ फतेहाबाद दिनेश कुमार, डीआईपीआरओ नूंह सुरेंद्र बजाड़, डीआईपीआरओ पलवल बिजेंद्र मूर्ति, हरियाणा भवन के आईपीआरओ मनोज कौशिक, डीआईपीआरओ फरीदाबाद मूर्ति, अधीक्षक नरेश कुमार, दिनेश कुमार तथा विश्वास सैनी, एआईपीआरो अमित कुमार, अश्विनी, विनोद कुमार, सविता तथा पवन, आईसीए बिजेंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








