कुमारी सैलजा ने ओलावृष्टि प्रभावित गांवों का दौरा किया, फसल नुकसान का जायजा लिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़ / 3 अप्रैल – सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फतेहाबाद जिले के कई गांवों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित खेतों में जाकर किसानों से बातचीत की और नुकसान की वास्तविक स्थिति को समझा। इसके बाद सैलजा सिरसा की अनाज मंडी पहुंचीं, जहां उन्होंने किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि ने कई गांवों की फसलों को बुरी तरह तबाह कर दिया है, जिससे किसान भारी संकट में हैं। उन्होंने किसानों के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए सरकार से तत्काल राहत उपाय शुरू करने की अपील की। सैलजा ने किसानों पर लगाए गए प्रतिबंधों और आढ़तियों की समस्याओं पर भी चिंता जताई।

उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे किसानों और व्यापारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने विशेष गिरदावरी (फसल नुकसान का आकलन) कराने की मांग की, ताकि नुकसान का सही आंकलन हो सके। कुमारी सैलजा ने कहा कि कपास फसल के लिए बीमा प्रीमियम जमा कराने के बावजूद अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसान कंपनियों के पीछे भागते रहें या सरकार कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि फसल नुकसान दर्ज करने के लिए पोर्टल अभी तक नहीं खोला गया है और न ही पटवारी खेतों में पहुंचे हैं, जिससे किसान अपनी शिकायत दर्ज नहीं कर पा रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने प्रशासन से तुरंत अधिकारियों को तैनात करने और प्रभावित किसानों व कृषि मजदूरों को शीघ्र राहत देने की मांग की। अपने दौरे के दौरान उन्होंने धानी दुल्ट, भुथन, झालानिया, भिराना, चंद्रावल, माजरा, सनियाना और चमार खेड़ा सहित कई गांवों का दौरा किया, जहां स्थानीय कांग्रेस नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। इससे पहले, सिरसा के भगत सिंह स्टेडियम में उन्होंने अपनी सांसद निधि से गांवों के लिए पानी के टैंकर वितरित किए। अब तक कुल 31 टैंकर उपलब्ध कराए जा चुके हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी सहायता देने का आश्वासन दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!