डीसी अजय कुमार ने किया उद्घाटन, फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से शुरू हुई पहल

गुरुग्राम, 1 अप्रैल – जिला प्रशासन गुरुग्राम द्वारा आमजन और कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल के तहत लघु सचिवालय परिसर में मेडिकल सेंटर की शुरुआत की गई है। डीसी अजय कुमार ने भूतल पर स्थापित इस सेंटर का रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन किया। यह सुविधा फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से शुरू की गई है, जिससे सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों और प्रतिदिन आने वाले आगंतुकों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि यह सेंटर लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब सचिवालय में आने वाले लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि एक ही स्थान पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

मेडिकल सेंटर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सकीय परामर्श की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ और जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। यह सुविधा कार्यदिवसों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।
फोर्टिस अस्पताल की ओर से समय-समय पर वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों के दौरे भी सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे जरूरत पड़ने पर लोगों को विशेषज्ञ स्तर की सलाह मिल सकेगी।
इस अवसर पर सीएसआर ट्रस्ट हरियाणा के पूर्व एडिशनल सीईओ गौरव सिंह, एजीएम कम्युनिटी आउटरीच फोर्टिस अस्पताल गुरुग्राम सिद्धार्थ वर्मा, मैनेजर कम्युनिटी आउटरीच नीरज कुमार तथा नर्सिंग स्टाफ योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
यह पहल न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि आगंतुकों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगी।









