टोल टैक्स की बढ़ोतरी से गुरुग्राम की जनता को लूटा जा रहा है-चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम में महंगे टोल, बदहाल सड़कें—टोल बढ़ोतरी के खिलाफ आक्रोश

बढ़ाई गई टोल दरों को वापस लिया जाए

गुरुग्राम।संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने गुरुग्राम में लगातार बढ़ रही टोल टैक्स दरों को लेकर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स में हो रही निरंतर बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जबकि सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।

चौधरी संतोख सिंह ने आरोप लगाया कि हाईवे निर्माण और रखरखाव के नाम पर जनता से भारी वसूली की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुविधाओं में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से खेड़कीदौला टोल प्लाजा का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद वहां टोल वसूली जारी है।

उन्होंने बताया कि सड़कों की हालत दयनीय है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी रेलिंग, खराब स्ट्रीट लाइट और सर्विस लेन की बदहाल स्थिति आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बढ़ते जाम, जलभराव और खराब ड्रेनेज सिस्टम के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि 1 अप्रैल से खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर टोल दरों में फिर से वृद्धि की गई है। पिछले छह महीनों में लगभग 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है, जबकि सुविधाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। प्रतिदिन लगभग 1 लाख से अधिक वाहन इस टोल प्लाजा से गुजरते हैं, जिससे सालाना सैकड़ों करोड़ रुपये से अधिक की वसूली होती है।

गुरुग्राम के प्रमुख टोल प्लाजा—खेड़कीदौला, घामडोज और द्वारका एक्सप्रेसवे पर बढ़ाई गई नई दरों में फास्टैग, वार्षिक पास और मासिक पास सभी शामिल हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना सुविधाएं बढ़ाए बार-बार टोल बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है।

चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से मांग की कि टोल टैक्स की बढ़ाई गई दरों को तुरंत वापस लिया जाए। सड़कों की मरम्मत, ड्रेनेज और लाइटिंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। जाम और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। सड़क सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता दी जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!