युवाओं के मुद्दों पर AIDYO की राज्य स्तरीय बैठक, 11 अप्रैल को जंतर-मंतर पर “युवा महापंचायत” का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं को एकजुट होने का आह्वान

गुड़गांव, 29 मार्च 2026: ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (AIDYO) की एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय बैठक आज आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बलवान सिंह धनखड़ ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव अमरजीत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों—बेरोजगारी, पेपर लीक, ठेकाकरण प्रथा और प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ते भ्रष्टाचार—पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि ये समस्याएं देश के युवाओं के भविष्य को गहरे स्तर पर प्रभावित कर रही हैं और तत्काल समाधान की मांग करती हैं।

अपने संबोधन में अमरजीत कुमार ने कहा कि देश का युवा अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहा है। रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, सरकारी भर्तियों में देरी और अनियमितताएं बढ़ रही हैं तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता का अभाव युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में युवाओं को संगठित होकर संघर्ष का रास्ता अपनाना होगा।

उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे इन मुद्दों के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें और आगामी 11 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित “युवा महापंचायत” में बढ़-चढ़कर भाग लें। यह महापंचायत महान समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं के सवालों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाना है।

बैठक में विभिन्न जिलों से आए युवा नेताओं—अजय सिंह यादव, हरीश सैनी, वज़ीर सिंह, नरेश कुमार, बृजमोहन, संदीप मेहरा, सतीश कुमार, संदीप सिंह, सुरेंद्र एवं कमलकांत—ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए। सभी ने सामूहिक रूप से इस महापंचायत को व्यापक और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गुड़गांव सहित प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस महापंचायत से जोड़ा जा सके।

अंत में संगठन ने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर एकजुट होकर इस आंदोलन को मजबूत करें और “युवा महापंचायत” को सफल बनाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!