भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली का कांग्रेस पर तंज -कहा – कांग्रेस को प्रदेश में हो रहे विकास को देखने के लिए नए चश्मे की जरूरत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने सीएम नायब सैनी की रविवार को होने वाली रैली की तैयारियों का लिया जायजा
चंडीगढ़, 28 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि रविवार को गोहाना में होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास एवं धन्यवाद रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की यह रैली ऐतिहासिक होगी और मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाएं भी करेंगे। इस दौरान मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि झूठ बोलना, शिकायत करना और जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जो हालत है वो राज्यसभा चुनाव में सभी ने देखी है। कांग्रेस अपनी ही चाल में उलझी हुई पार्टी है। कांग्रेस को प्रदेश में हो रहे विकास को देखने के लिए नए चश्मे की जरूरत है।
श्री बड़ौली ने कहा कि गोहाना रैली एतिहासिक होगी और यह विकास के नए रास्ते खोलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी जनता के सुख-दुःख के साथी हैं और हमेशा जनता के बीच में रहकर काम करते हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में कांग्रेस के मुख्यमंत्री जनता से दूरी बनाकर रखते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के हितों की चिंता नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता कांग्रेस के मंसूबों को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि देश में एलपीजी गैस सिलेंडर पेट्रोल की कोई कमी नहीं है।
श्री बडौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार पूरे प्रदेश में बिना भेदभाव किए तेजी से विकास कार्य करा रही है। गोहाना के वेस्टर्न बाइपास समेत अन्य परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से काम हो रहा है।








