फैकल्टी क्लब में आम सभा आयोजित, नई कार्यकारिणी गठन का दायित्व भी सौंपा

हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स एसोसिएशन की फैकल्टी क्लब में आयोजित आम सभा में डॉ. सुरजीत सिंह डुडेजा को सर्वसम्मति से लगातार तीसरी बार प्रधान चुना गया।
इस अवसर पर डॉ. जे.के. डांग ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन डॉ. ए.एल. खुराना और डॉ. मेहर सिंह ने किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ डॉ. डुडेजा का स्वागत किया। साथ ही सदस्यों ने उनसे नई कार्यकारिणी के गठन का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

अपने संबोधन में डॉ. डुडेजा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से पेंशनर्स की कई लंबित मांगों का समाधान कराया गया है। उन्होंने बताया कि कैशलेस मेडिकल प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) का मुद्दा अभी भी लंबित है, जिसमें तकनीकी बाधाएं हैं। नई कार्यकारिणी इस समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सदस्यों के विश्वास पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरे उतरेंगे।
डॉ. डुडेजा एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सूक्ष्मजीव वैज्ञानिक (माइक्रोबायोलॉजिस्ट) हैं। वे भारतीय माइक्रोबायोलॉजिस्ट एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष, महासचिव, संपादक और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वर्ष 2023 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वे भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की शोध समिति के सदस्य भी हैं और कई अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।
सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि है। वे पिछले लगभग 20 वर्षों से मनीषी ज्ञानानंद जी के सान्निध्य में रहकर गीता ज्ञान के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने प्रीतिभोज का आनंद लिया।








