राजस्व वसूली व ग्रीष्मकालीन तैयारियों पर विशेष जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 28 मार्च 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के ऑपरेशन विंग के निदेशक विपिन गुप्ता की अध्यक्षता में पलवल सर्कल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पलवल के अधीक्षण अभियंता रंजन राव सहित सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

31 मार्च तक वसूली अभियान तेज करने के निर्देश
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि 31 मार्च 2026 तक राजस्व वसूली अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाए। इस अवधि में सभी फील्ड कार्यालय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे, ताकि लंबित बकाया राशि की अधिकतम वसूली सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बिजली चोरी की रोकथाम व वसूली पर फोकस
बैठक में निर्देश दिए गए कि बिजली चोरी के मामलों में आंकलन और कंपाउंडिंग राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। सभी फील्ड अधिकारियों को चालू वित्त वर्ष के भीतर लंबित बकाया राशि की अधिकतम वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पहले से दर्ज चोरी के मामलों का विश्लेषण तीन श्रेणियों – नॉन कंज्यूमर केस, डायरेक्ट सप्लाई केस तथा चालू व पिछले वित्त वर्ष में आंकलन व वसूली के आधार पर करने को कहा गया, ताकि निगरानी और शीघ्र वसूली सुनिश्चित हो सके।

ग्रीष्मकालीन तैयारियों की समीक्षा
आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में मोबाइल ट्रॉलियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। ओवरलोडेड डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मरों की पहचान कर उन्हें तुरंत बदलने तथा 11 केवी ओवरलोडेड फीडरों का 30 अप्रैल 2026 तक विभाजन सुनिश्चित करने को कहा गया। सब-डिवीजन स्तर पर पर्याप्त डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर बैंक उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया।

पहले एच पोल के रखरखाव के निर्देश
सभी 11 केवी फीडरों के प्रत्येक सब-स्टेशन पर प्रथम एच पोल के रखरखाव को 15 अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत लाइटनिंग अरेस्टर की उपलब्धता, जीओ स्विच की सुचारु कार्यप्रणाली और उचित अर्थिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

एल आर ए मामलों का शीघ्र निपटान
लंबित एल आर ए मामलों को आगामी कुछ दिनों में नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए। यह भी कहा गया कि इन मामलों का निपटान माननीय ऊर्जा मंत्री के 16 अप्रैल 2025 के निर्देशों के अनुरूप किया जाए।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर जोर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक सोलर कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए गए। जिन क्षेत्रों में अभी तक कोई कनेक्शन जारी नहीं हुआ है, वहां जेई स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर सभी फील्ड स्टाफ के साथ सांझा करने को कहा गया।

कोर्ट केस की मॉनिटरिंग
सभी न्यायालयीन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जहां माननीय न्यायालय द्वारा स्थगन दिया गया है, वहां आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विपिन गुप्ता, निदेशक ऑपरेशन ने फील्ड में जाकर मेंटेनेंस के कार्यों का भी निरीक्षण किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें