गैस की कमी से उद्योग और श्रमिक दोनों प्रभावित, ब्लैक मार्केट में महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर
गुरुग्राम, 28 मार्च – प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के नेतृत्व में गुरुग्राम के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त अजय कुमार से मुलाकात कर उद्योगों के लिए पीएनजी गैस तथा श्रमिकों के लिए एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी ने किया। इस दौरान उन्होंने पीएनजी और एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं को विस्तार से रखते हुए बताया कि वर्तमान में स्थिति चिंताजनक हो चुकी है।
दीपक मैनी ने विशेष रूप से श्रमिकों के लिए एलपीजी गैस की भारी कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गैस की अनुपलब्धता के कारण श्रमिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई श्रमिक अपने गृह राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उद्योगों में श्रमिकों की कमी का खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बाजार में गैस की कमी के चलते श्रमिकों को ब्लैक मार्केट से ₹450 से ₹500 प्रति किलोग्राम तक की ऊंची कीमत पर एलपीजी खरीदनी पड़ रही है, जो उनके लिए आर्थिक रूप से असहनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो औद्योगिक उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि पंजीकृत श्रमिकों, विशेषकर ईएसआई और पीएफ से जुड़े कामगारों के लिए कुकिंग गैस की नियमित और सुलभ आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही एलपीजी वितरण के लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने की भी मांग उठाई, ताकि श्रमिकों को ब्लैक मार्केट पर निर्भर न रहना पड़े।
इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई बड़ी औद्योगिक इकाइयों को पीएनजी गैस की सप्लाई बाधित होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिसका असर एमएसएमई सेक्टर पर भी पड़ रहा है। इस पर उन्होंने कम-से-कम 60–70 प्रतिशत पीएनजी आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने चेताया कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसका असर औद्योगिक गतिविधियों, जीएसटी संग्रह और रोजगार पर पड़ेगा, जिससे व्यापक सामाजिक-आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है।
इस पर जिला उपायुक्त अजय कुमार ने आश्वस्त किया कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करेगा और संबंधित विभागों व गैस कंपनियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और श्रमिकों में किसी प्रकार का पैनिक न फैलने दिया जाए।
बैठक में पीएफटीआई के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.पी. अग्रवाल, महानिदेशक एडवोकेट आर.एल. शर्मा, अतिरिक्त श्रमायुक्त कुशल कटारिया, उप-श्रमायुक्त नवीन शर्मा, उद्योग विहार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिमेष सक्सेना, दौलताबाद रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन जिंदल, एमएसएमई बोर्ड एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता तथा सीआईआई गुरुग्राम चैप्टर के अध्यक्ष व कपारो मारुति के सीईओ विनोद बापना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








