भाजपा सरकार ने गुरुग्राम में आम जनता को प्राइवेट अस्पतालों में लुटने के लिए छोड़ दिया है-चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पार्क हॉस्पिटल मामले की जाँच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए

गुरुग्राम, 27 मार्च 2026। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने गुरुग्राम में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में आम जनता को प्राइवेट अस्पतालों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जहां उनसे मनमाने तरीके से पैसे वसूले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में पहले से मौजूद एकमात्र सरकारी अस्पताल को भी तोड़ दिया गया, लेकिन उसके पुनर्निर्माण को लेकर की गई घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे आम लोगों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।

इसी संदर्भ में सेक्टर-49 स्थित पार्क हॉस्पिटल का हालिया मामला बेहद गंभीर है। जानकारी के अनुसार, सड़क हादसे में घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत भर्ती होने के लगभग 24 घंटे के भीतर ही हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन ने उसे जिंदा बताकर इलाज जारी रखा।

परिवार का दावा है कि तीन दिनों के दौरान इलाज, डॉक्टर विजिट, दवाइयों और विभिन्न जांचों के नाम पर 5 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई। जब परिजनों ने मरीज को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की बात कही, तब अस्पताल की ओर से उसकी मृत्यु की जानकारी दी गई।

चौधरी संतोख सिंह ने इस पूरे मामले को गंभीर आपराधिक कृत्य बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला है।

उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाए ताकि आम लोगों को सस्ती और पारदर्शी चिकित्सा सुविधा मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!