पेपरलेस रजिस्ट्रेशन से डिजिटल हुआ सिस्टम, लाडवा में जनसमस्याएं सुनकर दिए समाधान के निर्देश
लाडवा, 25 मार्च (प्रमोद कौशिक)। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विधानसभा चुनावों के संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वादों को पूरा कर दिया है, जबकि 120 वादों पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने दावा किया कि सरकार प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है और सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को धरातल पर लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूरे प्रदेश में जमीनों व संपत्तियों का पेपरलेस रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है, जिससे रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है और पारदर्शिता बढ़ी है।
बुधवार को लाडवा के शिवाला राम कुंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुमन सैनी ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 9.22 लाख से अधिक महिलाओं को 634 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुरू किया गया महिला उद्यमिता मंच महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करेगा।
उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की योजना के तहत 14.38 लाख लाभार्थियों के खातों में 223 करोड़ रुपये से अधिक राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
किसानों के हित में सरकार प्रतिबद्ध
सुमन सैनी ने कहा कि प्रदेश में किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है और अब तक 12 लाख किसानों को 1.64 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। फसल खराब होने पर मुआवजा और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,160 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 20 लाख से अधिक किसानों को 7,562 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।
सामाजिक सुरक्षा और आवास योजनाओं पर जोर
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,200 रुपये मासिक किया गया है। पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान वितरित किए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 15,765 और ग्रामीण क्षेत्रों में 12,031 प्लॉट दिए गए हैं।
जनसमस्याओं का मौके पर समाधान
कार्यक्रम के दौरान सुमन सैनी ने लाडवा विधानसभा के नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, चेयरमैन जसविंदर जस्सी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








