29 मार्च को मेरठ में जाट एकजुटता का महाशक्ति प्रदर्शन, महाराजा सूरजमल की विशाल प्रतिमा का होगा अनावरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद का आह्वान – हरियाणा सहित देशभर से हजारों लोग होंगे शामिल

थानेसर, 25 मार्च : कुरुक्षेत्र स्थित जाट धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में 29 मार्च को मेरठ (उत्तर प्रदेश) में होने वाले ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता का आह्वान करते हुए इसे जाट समाज के नव-निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 मार्च को मेरठ के सकौती टांडा में वीर शिरोमणि, हिंदू हृदय सम्राट महाराजा सूरजमल की उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। उन्होंने इसे जाट समाज के इतिहास और गौरव से जोड़ते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक जागृति और एकता का नया संदेश देगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जाट समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो रही है। ऐसे में समाज को शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और रोजगार के साथ जोड़ते हुए संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम राजनीतिक दलों को समाज की ताकत का एहसास कराने के साथ-साथ 36 बिरादरियों को साथ लेकर सामाजिक न्याय और सौहार्द की दिशा में नई शुरुआत करेगा।

हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश सिरोही ‘जैलदार’ ने बताया कि राज्य के प्रत्येक ब्लॉक और जिला स्तर पर निमंत्रण भेजा जा चुका है और हजारों की संख्या में हरियाणा का जाट समाज मेरठ पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय देगा। उन्होंने कहा कि समाज के मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए हरियाणा का जाट समाज कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

राष्ट्रीय संयोजक डॉ. नवीन नैन ‘भालसी’ ने बताया कि आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बसों और वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और 29 मार्च की सुबह हजारों लोग मेरठ के लिए कूच करेंगे।

जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र के प्रधान कृष्ण श्योकंद ने अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन समाज को एकजुट करने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जाट धर्मशाला की पूरी टीम भी इस कार्यक्रम में भाग लेकर समाज की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देगी।

इस प्रेस वार्ता में रामावतार पलसानिया, सुरेश सिरोही ‘जैलदार’, कृष्ण श्योकंद, मनोज चहल, जयवीर ढांडा, राजकुमार चौधरी, दीपक कालीकावणा, गुरमीत सिंह, मनजीत भाल, विक्रम मानस, तेज़ी ढांडा, अशोक राणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज बंधु उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!