*देश की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा दायित्व- बोले मुख्यमंत्री*
*गुरुग्राम के लेजरवेली पार्क में लगेगी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा*
*गुरुग्राम में शहीदी दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के सम्मान में समारोह आयोजित*

*गुरुग्राम, 22 मार्च।* मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही है।
दंतेवाड़ा जैसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि यह लड़ाई अभी जारी है, लेकिन हमारे बहादूर जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार हैं। हरियाणा वीरों की भूमि है,यहां के युवाओं में देश सेवा का जज्बा कूट कूट कर भरा हुआ है।
मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम में होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा शहीदी दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने लेजरवली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। इस दौरान शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के कल्याण स्वरूप सीआरपीएफ के डीआईजी परम् शिवम को 38.25 लाख रुपये की राशि का चैक प्रदान किया। गुरुग्राम होम डेवलपर्स द्वारा एकत्रित यह धनराशि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिवार कल्याण में इस्तेमाल की जाएगी।
कार्यक्रम में पहुँचने पर होम डेवलपर्स एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सच्चा देशभक्त वही है, जो राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दे।
उन्होंने संगठन की सेवा करते हुए छत्तीसगढ़ से जुड़े अपने अनुभव सांझा किए और बताया कि वे दंतेवाड़ा की सामाजिक व भौगोलिक परिस्थितियों से वाकिफ हैं। अब पीएम श्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया है कि वहां आतंकवाद अंतिम सांसे गिन रहा है ।
उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लें।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” का मंत्र आज देश की दिशा तय कर रहा है। पीएम श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले11 वर्षों में भारत अपनी सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी मजबूत हुआ है। सुरक्षाबलों के मनोबल को बढ़ाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं,जिनका सैनिकों को पूरा लाभ मिल रहा है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम उन वीरांगनाओं को समर्पित है, जिन्होंने अपने जीवन का सबसे बड़ा सहारा खो दिया, लेकिन फिर भी साहस के साथ आगे बढ़ रही हैं। शहीदों का बलिदान हमें सिखाता है कि जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य राष्ट्र सेवा है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा दायित्व है। हमें अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश का हर घर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत है और देश की सेनाओं में हर दसवा जवान हरियाणा से है। आज भी अनगिनत युवा बड़ी सेना व अर्धसैनिक बलों में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव की प्रेरणा से ओतप्रोत यह देश भक्ति कार्यक्रम युवाओं में जोश भरने वाला है।
*शहीदों के आश्रितों के कल्याण के लिए राज्य सरकार सजग*
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में भूतपूर्व सैनिक व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कल्याण के लिए सैनिक व अर्द्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मौजूदा भाजपा सरकार ने शहीदों के परिवारों को अनुकंपा आधार पर एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने का काम किया गया है। अब तक 418 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी दी जा चुकी है।
वहीं युद्ध व आई.ई.डी. ब्लास्ट के दौरान शहीद हुए सेना तथा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की है।
द्वितीय विश्व युद्ध के भूतपूर्व सैनिकों तथा विधवाओं को 10 हजार रुपये मासिक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
युद्ध व आतंकवाद तथा अन्य घटना के दौरान घायल हुए सैन्य कर्मियों व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के लिए अनुग्रह अनुदान दिव्यांगता के आधार पर क्रमशः 35 लाख रुपये, 25 लाख रुपये तथा 15 लाख रुपये किया गया है।कार्यक्रम के अंत में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व अन्य मेहमानों का धन्यवाद व्यक्त किया।
*यह गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित*
इस अवसर पर हरियाणा के सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण, उद्योग, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह,गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, मेयर राजरानी मल्होत्रा, पूर्व एडीजीपी अनिल राव,भाजपा जिलाध्यक्ष सर्व प्रिय त्यागी, गुरुग्राम होम डेवलपर्स एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र यादव, दिनेश नागपाल,पीके दत्ता, पंकज रामपाल,अशोक आर्य,काउंसलर विजय परमार,बोधराज सिकरी, संदीप चौधरी के अलावा जिला प्रशासन की ओर से डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।









