अवैध गैस सिलेंडर भंडारण व कालाबाजारी का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

03 पिकअप गाड़ियां, 26 भरे व 43 खाली सिलेंडर बरामद

गुरुग्राम, 18 मार्च 2026। गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर कालाबाजारी करने के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और तीन पिकअप वाहन बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर-65 पुलिस को सूचना मिली कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (पूर्व) गुरुग्राम और खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम ने जेल रोड स्थित इंडेन गैस प्लांट के पास एक व्यक्ति को गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित विभागों की टीम पहले से मौजूद थी।

टीम द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि इंडेन गैस प्लांट के सामने एक प्लॉट में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इस पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से एक व्यक्ति को काबू किया।

आरोपी की पहचान सुशील कुमार (48 वर्ष) निवासी शांति कुंज फेज-2, मारुति कुंज, भोंडसी (गुरुग्राम) के रूप में हुई है। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 26 भरे हुए तथा 43 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही तीन पिकअप गाड़ियों में सिलेंडर लोड पाए गए।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले करीब पांच वर्षों से गैस सिलेंडर सप्लाई का कार्य कर रहा था। वह गैस एजेंसियों से ऑर्डर लेकर सिलेंडरों की सप्लाई नहीं करता था, बल्कि उन्हें जमा कर अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में रहता था।

इस संबंध में थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!