योजना से गरीब परिवारों को मिल रहा सम्मानजनक जीवन का आधार : एडीसी
लाभार्थियों ने हरियाणा सरकार व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त किया

गुरुग्राम, 17 मार्च। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के पात्र परिवारों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज गुरुग्राम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम में आरक्षित फ्लैटों के आवंटन हेतु ड्रॉ प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। इस ड्रॉ की अध्यक्षता जिला में योजना के नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट द्वारा की गई। इस अवसर पर हाउसिंग फॉर ऑल हरियाणा से एडिशनल डायरेक्टर रुचि सिंह बेदी, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसटीपी सतीश पुनिया, एटीपी अमन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ड्रॉ प्रक्रिया का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया गया, जिसमें कुल 2709 पात्र आवेदकों को शामिल किया गया। एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि यह पहल राज्य सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का यह आवंटन किया गया है। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को लगभग 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के फ्लैट मात्र 1.50 लाख रुपये की किफायती दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने स्वयं के आवास का सपना साकार कर सकेंगे। आयोजन स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न बैंकों के हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे, ताकि पात्र लाभार्थियों को किफायती दरों पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

एडीसी ने बताया कि इस योजना के तहत उन आवेदकों को शामिल किया गया, जिन्होंने पूर्व में 10,000 रुपये की राशि जमा कराई थी तथा सत्यापन उपरांत पात्र पाए गए। ड्रॉ प्रक्रिया के दौरान सामाजिक न्याय एवं समावेशन को ध्यान में रखते हुए घुमंतू जाति, विधवा तथा अनुसूचित जाति के आवेदकों को प्राथमिकता प्रदान की गई। आज आयोजित ड्रॉ के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को संबंधित बिल्डर के प्रोजेक्ट तथा नगर निगम क्षेत्र में फ्लैट के सटीक स्थान का भी आवंटन किया गया है, जिससे लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से यह जानकारी मिल गई है कि उन्हें किस परियोजना एवं किस स्थान पर आवास प्राप्त होगा। एडीसी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि आज का यह सफल आयोजन पात्र परिवारों के जीवन में स्थायित्व एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

खांडसा निवासी हाउसकीपिंग वर्कर रश्मि ने बताया कि वह कई वर्षों से किराए के मकान में रह रही थीं और आर्थिक स्थिति के कारण अपना घर लेना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें अपना घर मिलने जा रहा है, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित एवं स्थिर हो सकेगा।
राजीव नगर निवासी मोहम्मद वजीर ने बताया कि वे सिलाई का कार्य करते हैं और अपने परिवार के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था करना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में रहने का अवसर मिलेगा।
बंधवाड़ी निवासी सुमन ओमपाल (विधवा लाभार्थी) ने कहा कि पति के निधन के बाद उनका जीवन काफी कठिन हो गया था, लेकिन इस योजना के माध्यम से उन्हें अपने घर की सुविधा मिल रही है। उन्होंने हरियाणा सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सार्थक पहल उनके जीवन उत्थान में एक बड़ा सहारा साबित होगी।
विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है ड्रॉ का परिणाम
एडीसी ने बताया कि ड्रॉ का परिणाम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है, जहां लाभार्थी अपना परिणाम देख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थी किसी भी प्रकार की अफवाहों या अपुष्ट सोशल मीडिया संदेशों पर ध्यान न दें और केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही अपने ड्रॉ का परिणाम जांचें।





