जनता की आवाज भगवान की आवाज है और जनता ने मुझे कांग्रेस और बीजेपी से दूरी बनाने को कहा है: चौधरी अभय सिंह चौटाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा – हमने प्रदेश के सभी विधानसभाओं में 1-1 पर्यवेक्षक भेजा था, उनके फीडबैक मिलने के बाद हमने मतदान से गैरहाजिर रहने का फैसला किया है

विधानसभा चुनाव में सारी टिकट भूपेंद्र हुड्डा ने बांटी है, अगर क्रॉस वोटिंग होती है तो उसके लिए वही जिम्मेदार होंगे

आज विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग हो रही है जो लोकतंत्र के खिलाफ है, हॉर्स ट्रेडिंग में खरीदने वाले और बिकने वाले दोनों ही पक्ष दोषी होते हैं।

बीजेपी सांपनाथ है, कांग्रेस नागनाथ है और तीसरा बिच्छूनाथ है, एक पार्टी को तो जनता ने साइडलाइन कर दिया है, आगे 2029 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस को भी जनता आइना दिखा देगी

चंडीगढ़, 16 मार्च। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा चुनाव में वोट देने के मुद्दे पर कहा कि जनता की आवाज भगवान की आवाज है और जनता ने मुझे कांग्रेस और बीजेपी से दूरी बनाने को कहा है। ऐसे में पार्टी के दोनों विधायक मतदान से अनुपस्थित रहेंगे। कांग्रेस से हमारी दूरी पहले से ही है। वही बीजेपी ने पिछले ग्यारह सालों में जातिवाद, सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और विधायक रामकुमार गौतम की भाषा इनेलो विरोधी रही है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी हमारे बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। हम बीजेपी को वोट किसी कीमत पर नहीं देंगे। इस दौरान इनेलो के दोनों विधायक अदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला भी उनके साथ मौजूद रहे।

चुनाव से पूर्व भूपेंद्र सिंह हुड्डा 37 विधायकों के समर्थन का दावा करते थे। लेकिन ऐसा नहीं होता लग रहा। कांग्रेस में भी कुछ विरोधी है। मतदान के दौरान भूपेंद्र हुड्डा परेशान दिखाई दे रहे थे। कांग्रेस अपने 37 विधायकों को संभाले। विधानसभा चुनाव में सारी टिकट भूपेंद्र हुड्डा ने बांटी है। क्रॉस वोटिंग के लिए वही जिम्मेदार होंगे। कांग्रेस में 100 करोड़ रुपए देकर राज्यसभा सांसद बनते हैं। बीजेपी बताए उसने कितने खर्च किया। मीडिया के अनुसार बीजेपी द्वारा कांग्रेस विधायकों को 20-20 करोड़ रुपए में खरीदा जा रहा है। कांग्रेस को विधायकों की खरीद फरोख्त पर अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए।

आज विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग हो रही है। जो लोकतंत्र के खिलाफ है। जिस पार्टी के विधायक बिकते है, तो उस पार्टी पर भी सवालिया निशान लगता है। हॉर्स ट्रेडिंग में खरीदने वाले और बिकने वाले दोनों ही पक्ष दोषी होते हैं। इसका कारण ये है कि टिकट देते समय सही प्रत्याशी को नहीं चुना गया।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए भी कानून बनाना चाहिए। क्रॉस वोटिंग करने वालों पर भी 6 साल चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगना चाहिए।

निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के वोट मांगने पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि नांदल का कॉल आया था। मेरे वोट डालने या नहीं डालने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हमने प्रदेश के सभी विधानसभाओं में 1 पर्यवेक्षक भेजा था। उनके फीडबैक मिलने के बाद हमने मतदान से गैरहाजिर रहने का फैसला किया है। हरियाणा में 3 पार्टी प्रदेश का नाश कर रही हैं। कुल मिलाकर बीजेपी सांपनाथ है, कांग्रेस नागनाथ है और तीसरा बिच्छू नाथ है। तीन में से एक पार्टी को तो जनता ने साइडलाइन कर दिया है। आगे 2029 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस को भी जनता आइना दिखा देगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!