गुरुग्राम में एक ही दिन में 25 करोड़ से अधिक राशि का हुआ सेटलमेंट
जिला न्यायालय के साथ सोहना और पटौदी में भी लगी लोक अदालत की बेंचें

गुरुग्राम, 14 मार्च- जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह लोक अदालत माननीय न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा कार्यकारी अध्यक्ष, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन और जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरपर्सन जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम श्रीमती वाणी गोपाल शर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा 21 पीठों का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त उपमंडल सोहना और पटौदी में भी लोक अदालत आयोजित की गई, जहां सोहना तथा पटौदी में एक-एक बेंच स्थापित की गई।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम श्री राकेश कादियान ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सोहना और पटौदी की बेंचों सहित कुल लगभग 86,716 मामलों को लिया गया, जिनमें से 77,337 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 25 करोड़ 16 लाख 59 हजार 153 रुपये का सेटलमेंट हुआ।

लोक अदालत की सभी बेंचों में एक-एक पैनल अधिवक्ता की नियुक्ति की गई थी, जिन्होंने लोक अदालत के दौरान मौजूद रहकर समझौते की प्रक्रिया में न्यायालयों और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सहायता की। बेंचों के अनुपात के अनुसार पैनल अधिवक्ताओं की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
ट्रैफिक चालान के भुगतान और आमजन की सुविधा के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा जिला न्यायालय परिसर में गेट नंबर दो के पास ट्रैफिक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई थी, जिससे लोगों को अपने चालान निकालने और उनका निपटारा करने में आसानी रही।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मामलों का समाधान करवाया और इस व्यवस्था का लाभ उठाया।








