प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष ने गैस संकट की जानकारी मीडिया से मिलने की बात कही, एससी विभाग के प्रदर्शन से भी अनभिज्ञ रहे
गुरुग्राम, 14 मार्च। रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर ने रविवार 15 मार्च को शहर में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया। हालांकि पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गैस किल्लत से जुड़ी अधिकांश जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से ही मिली है।
कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम समेत देशभर में गैस की किल्लत और सरकार के दावों की हकीकत उजागर करने के लिए रविवार शाम चार बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन से प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल धर्मशाला तक मार्च करेंगे और वहां से सोहना चौक तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार की जनविरोधी और देशविरोधी नीतियों के खिलाफ होगा।
हालांकि पत्रकारों के सवालों के दौरान डावर ने स्वीकार किया कि गैस किल्लत से जुड़ी जो भी जानकारी उन्होंने साझा की, वह मुख्य रूप से मीडिया रिपोर्टों के आधार पर ही है। उन्होंने न तो अपनी ओर से और न ही पार्टी कार्यकर्ताओं के किसी प्रत्यक्ष अनुभव का उल्लेख किया।
इसी दौरान यह भी सामने आया कि शनिवार को कांग्रेस के एससी विभाग द्वारा गुरुग्राम में गैस की किल्लत को लेकर प्रदर्शन किया गया था, लेकिन जिला अध्यक्ष पंकज डावर को इसकी जानकारी नहीं थी।
राजनीतिक हलकों में इसे संगठन के भीतर समन्वय की कमी के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस ने रविवार को होने वाले प्रदर्शन को लेकर व्यापक तैयारियों का दावा किया है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही है।








