पानीपत। हरियाणवी फोक सॉन्ग टटीरी को लेकर उठे विवाद में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने समन के बावजूद पेश नहीं होने पर पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को बादशाह की गिरफ्तारी करने और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें।

शुक्रवार को पानीपत लघु सचिवालय में हुई सुनवाई के दौरान बादशाह की ओर से तीन वकीलों का पैनल आयोग के सामने उपस्थित हुआ। उनके अधिवक्ता अक्षय दहिया ने बताया कि प्रोफेशनल कमिटमेंट के कारण सिंगर व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सके और आयोग से अगली तारीख देने का अनुरोध किया गया। आयोग ने पहले दोपहर तीन बजे तक का समय दिया, लेकिन तय समय तक बादशाह के उपस्थित न होने पर अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी के निर्देश जारी कर दिए।
महिला आयोग की ओर से पानीपत के एसपी को लिखित शिकायत भी भेजी गई है, जिसमें कहा गया है कि आयोग के आदेश की अवहेलना करने पर बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। आयोग का कहना है कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या है पूरा विवाद
टटीरी सॉन्ग के रैप वर्जन में कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल और वीडियो में दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। कई सामाजिक संगठनों और खाप पंचायतों ने आरोप लगाया कि गाने में महिलाओं को ‘ऑब्जेक्टिफाई’ किया गया है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए तथा हरियाणा रोडवेज बस के ऊपर खड़े होकर गाने के लिरिक्स पर प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल और रोडवेज बस के उपयोग को लेकर भी विभागों ने बिना अनुमति फिल्मांकन का आरोप लगाया है।
पुलिस और आयोग की कार्रवाई
सामाजिक संगठनों की शिकायत के बाद महिला आयोग ने 6 मार्च को बादशाह को नोटिस जारी कर 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही पंचकूला और जींद में उनके खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। बाद में पुलिस ने गाने को यूट्यूब से हटवा दिया। उस समय तक इस वीडियो को करीब 4 करोड़ बार देखा जा चुका था।
बादशाह ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि यदि उनके गाने के कुछ बोल या दृश्य से हरियाणा के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए लोगों से माफी भी मांगी।
सॉन्ग और कलाकारों की पृष्ठभूमि
टटीरी सॉन्ग के रैप वर्जन में बादशाह के साथ हरियाणवी सिंगर सिमरन जागलान की आवाज है। कैथल जिले के पट्टी अफगान गांव की रहने वाली सिमरन ने यह गाना करीब तीन साल पहले पारंपरिक अंदाज में गाया था। बाद में बादशाह को उनकी आवाज पसंद आई और इसे नए रैप स्टाइल में रिकॉर्ड किया गया।
इस गाने की शूटिंग हरियाणा के जींद जिले के सच्चा खेड़ा और नरवाना क्षेत्र के अलावा दुबई में भी की गई थी। गाने के प्रमोशन के लिए बादशाह मार्च के पहले सप्ताह में सोनीपत और कैथल भी पहुंचे थे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ था।
हालांकि विवाद के बाद न केवल गाना यूट्यूब से हटाया गया बल्कि मुंबई में होने वाला उनका निर्धारित शो भी रद्द कर दिया गया।








