डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुरुग्राम, 13 मार्च- डीसी अजय कुमार ने पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव की तैयारियों की स्थिति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा चुनाव आयोग ए. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अजय कुमार ने बताया कि आगामी 18 मार्च को होने वाले पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल चुनाव के लिए गुरुग्राम जिले में कुल 12 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 10 बूथ गुरुग्राम में, जबकि एक-एक बूथ पटौदी और सोहना में बनाया गया है। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चुनाव आयोग हरियाणा की हिदायतों के अनुरूप अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। साथ ही मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसडीएम परमजीत चहल और सीटीएम सपना यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








