सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ईरान युद्ध से प्रभावित खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मिले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 12 मार्च। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज ईरान-इज़राइल-अमेरिका युद्ध से प्रभावित खाड़ी देशों में हरियाणा के युवा, छात्र, नाविक, कामगार आदि भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी की मांग को लेकर भारत के विदेश मंत्री श्री एस. जयशंकर से मुलाकात की और पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को सरकार शीर्ष प्राथमिकता पर लेकर अपने राजनयिक चैनलों, कूटनीतिक माध्यम से हल कराए, ताकि सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित एवं शीघ्र वतन वापसी सुनिश्चित हो सके। विदेश मंत्री ने उनकी बात को ध्यान से सुना और हर संभव मदद कराने का भरोसा दिया।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने ईरान में लापता नाविक रवि सोलंकी निवासी गांव अच्छेज (बेरी, झज्जर), मेडिकल छात्रा रशीना रशीक की सुरक्षित वतन वापसी के अलावा, अबू धाबी (UAE) से गांव गुढ़ा, जिला झज्जर (हरियाणा) निवासी भारतीय नाविक सुजीत कुमार के शव को वापस लाने में परिवाजनों को तुरंत मदद दिलाने की मांग का पत्र भी दिया। उन्होंने झज्जर के गाँव अच्छेज, तहसील बेरी के रहने वाले नाविक रवि सोलंकी के ईरान में लापता होने की जानकारी देते हुए कहा कि परिवार के अनुसार वे मर्चेंट शिप MT सतीना पर कार्यरत थे और 28 फरवरी 2026 को दुबई से ईरान गए थे। लेकिन 1 मार्च 2026 को ईरान के बांद्रा बीबीएएस पोर्ट पर पहुँचने के बाद से  उनका कोई अता-पता नहीं है और परिवारजनों का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने विदेश मंत्री से आग्रह किया कि वे ईरान में भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराएं, ताकि लापता भारतीय नागरिक के बारे में पता लगाया जा सके और परिवार को जल्द से जल्द ज़रूरी मदद दी जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!