मदीना (सोनीपत) पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, किसान की बेटी की शादी में हुए शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी रहे साथ, विधानसभा चुनाव से पहले जिस किसान के खेत में जीरी (धान) की फसल लगाई थी उसी परिवार के सुख-दुख में शामिल हुए राहुल गांधी

सोनीपत/मदीना: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव मदीना पहुंचे, जहां उन्होंने एक किसान परिवार की बेटी के विवाह समारोह में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे। राहुल गांधी के गांव में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

बताया जाता है कि यह वही किसान परिवार है, जिसके खेत में हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने जीरी (धान) की रोपाई की थी। उस समय उन्होंने किसानों के साथ खेत में काम करते हुए उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया था। उसी किसान को बाद में दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर भी आमंत्रित किया गया था, जहां गांधी परिवार ने उन्हें अपने साथ भोजन कराया था।

अब उसी किसान परिवार के इस शुभ अवसर पर राहुल गांधी विशेष रूप से गांव मदीना पहुंचे और किसान की बेटी को आशीर्वाद देकर नवविवाहित दंपत्ति के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गांव में राहुल गांधी के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि किसी बड़े नेता का इस तरह एक सामान्य किसान के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना अपने आप में विशेष बात है।

इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसान, मजदूर और आम लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में किसानों के मुद्दों को उठा रहे हैं और उनके सुख-दुख में शामिल होकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं।

विवाह समारोह में स्थानीय कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। राहुल गांधी ने कुछ समय गांव में लोगों से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

विशेष तथ्य:
  • विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा के किसानों से सीधे संवाद किया
  • सोनीपत के किसान के खेत में स्वयं जीरी (धान) की रोपाई की
  • किसान को दिल्ली स्थित 10 जनपथ बुलाकर भोजन कराया
  • अब उसी किसान की बेटी के विवाह में शामिल होकर आत्मीय संबंध निभाया।
Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!