भारतीय संस्कृति में महिला को दिया गया है सर्वोच्च स्थान : स्वामी ज्ञानानंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर द्रोणाचार्य स्टेडियम में महिला मैराथन का आयोजन

महिला आयोग चेयरमैन रेणू भाटिया ने बाइक, सुगंधा सुधा ने स्कूटी और अन्य महिलाओं ने ट्रैक्टर चलाकर दिया सशक्तिकरण का संदेश

थानेसर, 8 मार्च (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी)। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। हमारे देश में नारी को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है और उसकी पूजा की जाती है। वेदों में भी उल्लेख है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहीं देवताओं का वास होता है। इसी भावना के अनुरूप सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है।

स्वामी ज्ञानानंद महाराज रविवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से आयोजित महिला मैराथन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया, आयोग की सदस्य सचिव आईएएस अधिकारी मोनिका मलिक, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, डीएमसी अमन कुमार तथा भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने महिला मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोग की ओर से समाज में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने सुगंधा सुधा, सगुन, नीतिका, नीरू सैनी, प्रीति रानी, राजवंती, राजरानी, भतेरी देवी, सुनीता देवी, कविता देवी, सोनिया, निर्मला, अनुपम तथा डॉ. मोनिका भारद्वाज को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया ने स्वयं बाइक चलाकर मैराथन में हिस्सा लिया, जबकि भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने स्कूटी चलाई और अन्य महिलाओं ने ट्रैक्टर चलाकर समाज को महिलाओं की ताकत और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। इस मैराथन में सैकड़ों बेटियों, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं तथा बुजुर्ग महिलाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।

स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को आत्मसात कर ओलंपियन मनु भाकर ने देश के लिए दो पदक जीतकर हरियाणा का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों को गीता के कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग के मार्ग पर चलने की आवश्यकता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेंगी।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर राजकीय कॉलेज खोल रही है। इसके साथ ही महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लखपति दीदी, उज्ज्वला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।

जिला स्तरीय कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खेल के मैदान से लेकर देश की सीमाओं की सुरक्षा तक महिलाएं अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा परमजीत कौर कश्यप ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर भाजपा नेत्री अन्नु माल्यान, लोको पायलट अंजलि और बाइक इंस्ट्रक्टर नीरू सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आयोग की सदस्य सचिव मोनिका मलिक ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन डॉ. मोनिका भारद्वाज ने किया।

कार्यक्रम में डीएसपी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, साई के सीनियर प्रशिक्षक कुलदीप सिंह वड़ैच सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!