सफीदों की रंग फैक्ट्री में भीषण आग, 4 महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

17 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे • होली से पहले रंग बनाने के काम के दौरान हुआ हादसा • शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

जींद, 7 मार्च। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में शनिवार को एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

जानकारी के अनुसार सफीदों क्षेत्र में स्थित रंग-गुलाल बनाने वाली एक फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। उस समय फैक्ट्री में करीब 25-30 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।

आग लगते ही फैक्ट्री में चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण कई मजदूर बाहर निकलने से पहले ही उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत सफीदों और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें