सेवा सुरक्षा पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों का डाटा अपडेट करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओटीपी, मोबाइल नंबर या कर्मचारी विवरण में गड़बड़ियों को तुरंत ठीक करने के आदेश

चंडीगढ़, 6 मार्च- हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी विभागों को सेवा सुरक्षा पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों के डाटा को तत्काल अपडेट और सत्यापित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह कदम हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में बताया गया है कि अनुबंध कर्मचारियों के डाटा में कई तरह की अनियमितताएं सामने आ रही हैं। इनमें ओटीपी प्राप्त करने में समस्या, मोबाइल नंबर गलत होना या बदल जाना, परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में त्रुटियां तथा कर्मचारियों और आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) के विवरण का सही ढंग से पोर्टल पर दर्ज न होना शामिल है। सरकार ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है।

इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड और निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों तथा उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र अनुबंध कर्मचारियों के डाटा की जांच कर उसे प्राथमिकता के आधार पर सही करवाएं।

निर्देशों के अनुसार यदि भाग-1 या 2 के किसी पात्र अनुबंध कर्मचारी को ओटीपी या अन्य तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो संबंधित विभागाध्यक्ष मामले की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

विभागों ये भी निर्देश दिए गए हैं कि अद्यतन कर्मचारी पहचान संख्या, विशिष्ट वेतन कोड तथा सेवा से संबंधित पूरी जानकारी के साथ पात्र अनुबंध कर्मचारियों की सही और अद्यतन सूची निर्धारित प्रारूप में भेजी जाए। भाग-1 के अंतर्गत आने वाले पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डाटा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को भेजा जाएगा, जबकि भाग-2 के कर्मचारियों का डाटा खजाना एवं लेखा विभाग को भेजा जाएगा।

मानव संसाधन विभाग ने सभी विभागों, बोर्डों और सार्वजनिक उपक्रमों को इन निर्देशों का समयबद्ध और सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि सेवा सुरक्षा पोर्टल का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!