हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद की मौजूदगी में कर्मवीर सिंह बौद्ध ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 5 मार्च। कांग्रेस हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हरियाणा से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में कर्मवीर सिंह बौद्ध ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद की अध्यक्षता में पूरी हुई। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ,नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे और कर्मवीर सिंह बौद्ध को शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कर्मवीर सिंह बौद्ध को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाने का फैसला कांग्रेस की उदारवादी और समावेशी विचारधारा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मवीर सिंह बौद्ध एक साधारण दलित परिवार से आने वाले शिक्षित और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं, जिन्होंने लंबे समय से संगठन और समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाई है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी में हर कार्यकर्ता का सम्मान है और किसी भी कार्यकर्ता के लिए ऊंचे पद तक पहुंचने के दरवाजे खुले हैं। कांग्रेस की नजर में कोई भी कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि समर्पण और निष्ठा के आधार पर हर कार्यकर्ता को अवसर मिलता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मवीर सिंह बौद्ध राज्यसभा के लिए निर्वाचित होकर संसद के उच्च सदन में देशहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। साथ ही विशेष रूप से हरियाणा से जुड़े जनहित के विषयों को भी प्रभावी ढंग से संसद में रखेंगे, जिससे प्रदेश के विकास और आम लोगों के हितों को मजबूती मिलेगी।

अंत में राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया गया यह निर्णय संगठन के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और विश्वास पैदा करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!