हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सख्ती: गणित परीक्षा में नकल के 10 केस दर्ज, पेपर लीक मामले में एफआईआर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चरखी दादरी के रानीला केंद्र से पेपर आउट, दोषी परीक्षार्थी व पर्यवेक्षक पर कार्रवाई; ड्यूटी में लापरवाही पर दो पर्यवेक्षक रिलीव

भिवानी, 26 फरवरी 2026। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) गणित विषय की परीक्षा में बोर्ड की सख्ती के चलते अब तक नकल के 10 मामले दर्ज किए गए हैं। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार करनाल में 1, रोहतक में 2, सोनीपत में 2, पलवल में 1, नूंह में 1 तथा चरखी दादरी में 3 केस दर्ज हुए हैं।

जिला चरखी दादरी के रानीला परीक्षा केंद्र से पेपर आउट करने के मामले में परीक्षार्थियों एवं पर्यवेक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. (प्रो.) पवन कुमार ने बताया कि गणित विषय का प्रश्न-पत्र दोपहर 01:56 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर प्राप्त हुआ। तुरंत कार्रवाई करते हुए अल्फा न्यूमेरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर के माध्यम से ट्रेस किया गया, जिससे पता चला कि पेपर जिला चरखी दादरी के परीक्षा केंद्र रा.क.व.मा.वि., रानीला-02 के कमरा नंबर 02 व 03 से आउट किया गया था।

जिलाधीश चरखी दादरी ने बताया कि सभी दोषियों के विरुद्ध एफआईआर नंबर 29 दर्ज कर दी गई है। संबंधित स्टाफ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु शिक्षा विभाग को लिखा गया है तथा विभाग ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को निलंबित किया जाएगा।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेशभर में आज 1372 परीक्षा केंद्रों पर 2,89,003 परीक्षार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी, जबकि डी.एल.एड. प्रथम वर्ष रि-अपीयर की परीक्षा में 980 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए।

उड़नदस्तों द्वारा जिला सोनीपत, रोहतक और गुरुग्राम सहित विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां परीक्षा नकल रहित एवं सुव्यवस्थित पाई गई। बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर तथा बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में भी औचक निरीक्षण किए गए।

नारनौल के रा.व.मा.वि. कोरियावास में नियुक्त पर्यवेक्षक श्री अनिल कुमार (जेबीटी) को उसी स्कूल का होने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया। वहीं सोनीपत के रा.व.मा.वि. बनवासा केंद्र पर तैनात पर्यवेक्षक श्री राजेश (पीजीटी) को ड्यूटी में कौताही बरतने के कारण रिलीव किया गया।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शिक्षा बोर्ड नकल के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है। तकनीकी तंत्र के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी निगाह रखी जा रही है। नकल करने वालों और नकल में सहायता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को 1158 परीक्षा केंद्रों पर सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की राजनीति विज्ञान तथा डी.एल.एड. द्वितीय वर्ष रि-अपीयर की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 1,17,427 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें