हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में बड़ा खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चरखी दादरी में 10वीं गणित का पेपर लीक, सोशल मीडिया पर वायरल; स्टाफ और छात्रों पर कार्रवाई शुरू

भिवानी, 26 फरवरी 2026। हरियाणा बोर्ड की दसवीं कक्षा के गणित विषय का पेपर चरखी दादरी में आउट होने का मामला सामने आया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि गांव रानीला स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र से दो विद्यार्थियों द्वारा पेपर बाहर भेजा गया।

बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए सेंटर की चीफ सुपरिटेंडेंट अनीता, प्रिंसिपल राजेश गुप्ता, सुपरिटेंडेंट सहित दो अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

1 बजकर 56 मिनट पर मिला इनपुट, तीन स्तर पर जांच

जानकारी के अनुसार, दो छात्रों के पास दोपहर 1 बजकर 56 मिनट पर पेपर से संबंधित सामग्री पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद बोर्ड की टीम ने तत्काल तीन स्तरों पर जांच शुरू की। जांच के आधार पर पेपर आउट होने की पुष्टि हुई और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों छात्रों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो

परीक्षा के दौरान ही सोशल मीडिया पर गणित के प्रश्न-पत्र की फोटो वायरल हो गई थी। वायरल तस्वीरों में आठ प्रश्न-पत्र शीट दिखाई दे रही हैं, जिनमें गणित के सवाल लिखे हुए हैं। एक तस्वीर में कक्षा में बैठा छात्र प्रश्न-पत्र हाथ में लेकर फोटो खिंचवाता नजर आ रहा है। हालांकि वायरल प्रश्न-पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

परीक्षा के बाद छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

गणित की परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकांश छात्र संतुष्ट नजर आए। छात्रा तान्या ने बताया कि पेपर अपेक्षाकृत आसान था और उसने पूरा प्रश्न-पत्र हल किया। वहीं कुछ छात्रों ने दावा किया कि प्रश्न-पत्र में कुछ सवाल सिलेबस से बाहर के भी थे।

परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था के दृश्य

परीक्षा शुरू होने से पहले कई केंद्रों पर अव्यवस्था भी देखने को मिली। सीट नंबर खोजने में छात्राओं को कठिनाई हुई। फरीदाबाद में एक छात्र रोल नंबर देखने के लिए नोटिस बोर्ड पर चढ़ता दिखाई दिया। भिवानी के एक केंद्र पर कुछ छात्र जमीन पर बैठकर परीक्षा देते नजर आए।

5.66 लाख से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत

सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रदेश भर में 1433 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 5,66,411 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 2,96,593 लड़के और 2,69,818 लड़कियां शामिल हैं।

  • 12वीं कक्षा: 2,70,663 परीक्षार्थी
  • 10वीं कक्षा: 2,95,748 परीक्षार्थी
  • डीएलएड (री-अपीयर): 5,356 परीक्षार्थी
320 फ्लाइंग स्क्वाड तैनात

बोर्ड परीक्षा के दौरान 320 फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए थे। इनमें बोर्ड अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, रैपिड एक्शन फोर्स, एसटीएफ और जिला स्तरीय उड़नदस्ते शामिल थे।

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू रही। फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर परीक्षा समय के दौरान बंद रखे गए। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंध लागू था।

मामले ने बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर बोर्ड की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें