डीसी अजय कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व प्रबंधन का किया निरीक्षण
सीसीटीवी कैमरे, उड़नदस्ते और प्रशासनिक देखरेख से पारदर्शी ढंग से हुआ संचालन

गुरुग्राम, 25 फरवरी- डीसी अजय कुमार ने जिले में आयोजित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की अंग्रेज़ी विषय की परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित समयावधि में परीक्षा सख्त निगरानी और पुख्ता प्रबंधों के बीच शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

डीसी अजय कुमार सबसे पहले एसडी बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां चीफ सेंटर सुपरिंटेंडेंट गीतिका अहूजा से परीक्षा प्रक्रिया, प्रश्नपत्र वितरण और विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एसडी बॉयस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सुपरिंटेंडेंट राजीव बंसल से व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इसके पश्चात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादीपुर का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सुपरिंटेंडेंट घनश्याम तथा चीफ सेंटर सुपरिंटेंडेंट राकेश से परीक्षा संचालन, व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतज़ामों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
इसके बाद डीसी ने पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 4/7 में भी निरीक्षण किया, जहां सुपरिंटेंडेंट कैलाश कुमार, प्राचार्य प्रदीप सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण नियमित रूप से किया गया। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई। प्रश्नपत्रों का सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया गया।
साथ ही डीसी अजय कुमार ने सेक्टर 4/7 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारी कृष्ण प्रताप से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।








