अधिकारियों के लिए निगमायुक्त प्रदीप दहिया का आदेश, उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय
गुरुग्राम, 23 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम ने अधिकारियों द्वारा बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय (स्टेशन) छोड़ने की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्यालय आदेश जारी किया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति स्टेशन नहीं छोड़ेगा, अन्यथा उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जारी आदेशों के अनुसार हाल के दिनों में यह देखा गया है कि कुछ अधिकारी बिना पूर्व सूचना या अनुमति के स्टेशन छोड़ रहे हैं, जिससे निगम के कार्यों के सुचारु संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जनता से जुड़े कार्यों में देरी और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी मुख्यालय छोड़ने से पहले सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने को गंभीर कदाचार माना जाएगा और संबंधित अधिकारी के खिलाफ सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इस आदेश की जानकारी दें तथा इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। इस कदम से अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी, कार्य संस्कृति में अनुशासन आएगा और नागरिक सेवाओं के निष्पादन में तेजी सुनिश्चित होगी।






