गुरुग्राम में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की कार्यशाला, संगठन विस्तार का लिया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व 12 मार्च स्थापना दिवस मनाने का निर्णय, सदस्यता 6500 तक पहुंचाने का आह्वान

गुरुग्राम। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति द्वारा मनोहर नगर धर्मशाला, गुरुग्राम में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठन विस्तार के लिए ठोस रणनीति तय की।

कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामवती ने की, जबकि संचालन जिला सचिव भारती ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में समिति की राज्य अध्यक्ष सविता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं पर बढ़ते हमले, महंगाई, बेरोजगारी और लैंगिक भेदभाव के इस दौर में एक मजबूत महिला संगठन खड़ा करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर महिलाओं को संगठित करें तथा उनके अधिकारों की लड़ाई को तेज करें।

कार्यशाला में बूथ एवं वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करने, सदस्यता अभियान को तेज गति देने, मेहनतकश एवं युवा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, महिलाओं के मुद्दों पर जनसंघर्षों को मजबूत करने तथा डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया।

राज्य महासचिव उषा सरोहा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किए बिना महिलाओं की समानता, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित नहीं किए जा सकते। उन्होंने गुरुग्राम में सदस्यता संख्या 6500 तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। साथ ही आसपास के गांवों और कालोनियों में संगठन का विस्तार करने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।

कार्यशाला के अंत में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तथा 12 मार्च को संगठन का स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। सभी प्रतिभागियों ने संगठन को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष गिरिजा कुमारी, जिला उपप्रधान ओमवती, लीलावती, सरला, फूलवती, कृतिका, अनु रंगा, पायल, श्वेता, हर प्यारी, रामवती, शकुंतला, बेबी, भगवती सहित अन्य महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें