भारतीय स्टेट बैंक के हरियाणा मॉड्यूल का ग्राहक संवाद कार्यक्रम ‘संवाद’ आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

85 ग्राहकों ने लिया हिस्सा, समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों तक पहुंचे

डिजिटल बैंकिंग, शिकायत निवारण और ग्राहक सेवाओं पर दी विस्तृत जानकारी

गुरुग्राम, 17 फरवरी- भारतीय स्टेट बैंक द्वारा हरियाणा मॉड्यूल के अंतर्गत होटल ब्रिस्टल गुरुग्राम में ग्राहकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष ग्राहक संवाद कार्यक्रम “संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों की समस्याओं को समझना, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और ग्राहक-हितैषी बनाना रहा। इस अवसर पर लगभग 85 ग्राहकों ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्राहकों से आमने-सामने बातचीत कर उनकी शिकायतें, सुझाव और अनुभव सुने। साथ ही बैंक की विभिन्न सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं, शिकायत निवारण प्रणाली तथा ग्राहक हितों से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।

एसबीआई (नेटवर्क-2) के महाप्रबंधक दीपेश राज ने बताया कि बैंक ग्राहक सेवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर संबंध मजबूत होते हैं। दिल्ली मंडल के मुख्य महाप्रबंधक देबाशीष मिश्रा की ओर से भी ग्राहकों को बेहतर एवं कुशल सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

ग्राहक सेवा विभाग के उप महाप्रबंधक किशोर कुमार सिंह ने उपस्थित ग्राहकों का स्वागत करते हुए कहा कि बैंक समयबद्ध शिकायत निवारण और बेहतर ग्राहक अनुभव को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इस दौरान ग्राहकों को योनो ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, डिजिटल सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा ऋण संबंधी सुविधाओं के बारे में भी उपयोगी जानकारी दी गई।कार्य

क्रम में यह भी बताया गया कि शिकायतों के समाधान के लिए शाखा स्तर, ग्राहक सेवा केंद्र, टोल-फ्री नंबर, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल और क्षेत्रीय कार्यालय सहित विभिन्न माध्यम उपलब्ध हैं, जिनके जरिए ग्राहक अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

हरियाणा मॉड्यूल के उप महाप्रबंधक तपन शर्मा ने सभी ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!