राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में एनएपीएस जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कार्यशाला में 50 से अधिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की रही सहभागिता

गुरुग्राम, 17 फरवरी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम द्वारा मंगलवार को संस्थान परिसर में एनएपीएस (नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम) जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिष्ठानों को एनएपीएस के प्रावधानों एवं लाभों से अवगत कराना तथा उद्योग-संस्थान समन्वय को सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया, डेज़ीनेटीड वं ऑप्शनल ट्रेडों में प्रशिक्षुओं की नियुक्ति, प्रतिष्ठानों की भूमिका एवं दायित्व, आवश्यक दस्तावेज तथा अनुपालन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

संस्थान के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं को एनएपीएस के अंतर्गत अवसर प्रदान कर उनके कौशल विकास एवं रोजगार सृजन में योगदान दें।

कार्यशाला के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों एवं समस्याओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने भविष्य में भी उद्योग-संस्थान सहभागिता को और अधिक मजबूत करने तथा युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की उप महाप्रबंधक आरती नंदी, राज्य समन्वय अधिकारी सनी कुमार, वरिष्ठ विश्लेषक श्रिया पंत, पूंजीगत वस्तु क्षेत्र कौशल परिषद की व्यवसाय विकास प्रबंधक अक्षया जलास्टीन तथा पूंजीगत वस्तु क्षेत्र कौशल परिषद की सहायक प्रबंधक (व्यवसाय विकास) पूजा सहित गुरुग्राम के 50 से अधिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रमुख भागीदारी करने वाले प्रतिष्ठानों में हीरो मोटोकॉर्प, मुंजाल शोवा लिमिटेड, टीसीआई, अर्बन कंपनी, सुब्रॉस प्राइवेट लिमिटेड, धूत ट्रांसमिशन आदि शामिल रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!