हिसार, 17 फरवरी 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत पैनल में शामिल वेंडर्स के साथ एक सकारात्मक एवं संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।
हिसार मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में वेंडर्स ने ऑनलाइन प्रणाली के बावजूद डिवीजन एवं सब-डिवीजन स्तर पर दस्तावेजों से संबंधित कुछ प्रक्रियात्मक कठिनाइयों, एम एंड टी लैब में बिल स्वीकृति से जुड़े मुद्दों, सोलर कनेक्शन जारी होने के बाद बिलिंग में विलंब, पोर्टल अपडेट में विसंगतियों तथा फाइल निस्तारण में देरी जैसे विषयों को साझा किया।
प्रबंध निदेशक ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि निगम पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता के सिद्धांतों पर कार्य कर रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रक्रिया से बचा जाए और ऑनलाइन प्रणाली को ही प्राथमिकता दी जाए। फाइलों के समयबद्ध निस्तारण तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
आईटी विंग को प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रक्रियाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य विंगों को भी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सोलर कनेक्शनों की 100 प्रतिशत समय पर बिलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
निगम प्रवक्ता के अनुसार, वेंडर्स के साथ अगली समीक्षा बैठक 5 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, ताकि प्रगति की पुनः समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
डीएचबीवीएन प्रबंधन ने दोहराया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जनहित में प्रभावी, पारदर्शी एवं उपभोक्ता-अनुकूल बनाने के लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।






