चंडीगढ़, 6 फरवरी: विधानसभा के आने वाले बजट सत्र में कांग्रेस पेंशन कटौती, अन्य राज्यों के लोगों को नौकरी देने, किसानों का मुआवजा, अरावली, वोट चोरी, मनरेगा, अवैध खनन, अमेरिका से ट्रेड डील समेत दर्जनभर से ज्यादा मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी। कांग्रेस ने इन विभिन्न मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव और काम रोको प्रस्ताव देगी।
बजट सत्र पर चर्चा के लिए आज दिल्ली के हरियाणा भवन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बजट सत्र के मुद्दों और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से ब्रीफिंग की गई। विधायकों ने भी अपने-अपने सुझाव पेश किए।
इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को विपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पार्टी बखूबी निभाएगी। आज हरियाणा के पास कांग्रेस के रूप में एक मजबूत विपक्ष है, जो जनता के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाएगा। उन्होंने बताया कि 19 तारीख को चंडीगढ़ एकबार फि विधायक दल की मीटिंग होगी।







