नायब सरकार की बेहतर खेल नीति के कारण खेलों में नंबर-1 हरियाणा : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली हलालपुर (सोनीपत) में आयोजित 28वें कुश्ती मिट्टी दंगल में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया

चंडीगढ़, 5 फरवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार खेल और खिलाड़ियों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। नायब सैनी सरकार द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक स्टेडियम, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे हरियाणा खेलों के क्षेत्र में देश में अग्रणी बना हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली गुरुवार को दादा देसराज स्टेडियम गांव हलालपुर (सोनीपत) में आयोजित 28वें कुश्ती मिट्टी दंगल में बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री बड़ौली ने दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने पहलवानों ने अखाड़े में अपना दमखम दिखाया। मुख्य अतिथि श्री बड़ौली ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया।

श्री बड़ौली ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल जाति-धर्म के बंधनों को तोड़ता है और खिलाड़ियों में सामाजिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देता है।

श्री बड़ौली ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। इस मौके पर श्री बड़ौली ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कुश्ती दंगल के आयोजक सामबीर दहिया और आयोजन समिति को सफल आयोजन की बधाई दी।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को सम्मान, सुरक्षा और सुनहरा भविष्य देने की है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार की बेहतर खेल नीति का परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, खरखोदा विधायक पवन खरखौदा, कुश्ती दंगल के आयोजक सामबीर दहिया के साथ-साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें