मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ, 38वें नेशनल गेम्स के मेडल विजेताओं का होगा सम्मान
एडीसी सोनू भट्ट ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से 3600 खिलाड़ी और करीब 500 नेशनल अवॉर्डी लेंगे भाग

गुरुग्राम, 05 फरवरी। गुरुग्राम में 09 से 11 फरवरी तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सीएम कप-2025 प्रतियोगिता एवं 38वें नेशनल गेम्स के मेडल विजेताओं के सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीसी ने बताया कि इस भव्य आयोजन का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में हरियाणा के सभी जिलों से लगभग 3600 खिलाड़ी तथा करीब 500 नेशनल अवॉर्डी प्रतिभागी शामिल होंगे।
एडीसी सोनू भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल स्थलों की तैयारियां, खिलाड़ियों व अतिथियों के ठहरने, खान-पान, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सीएम कप-2025 के सफल आयोजन के साथ-साथ 38वें नेशनल गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह को गरिमामय और स्मरणीय बनाया जाए। एडीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन गुरुग्राम ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
खेल उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि सीएम कप-2025 के अंतर्गत गुरुग्राम में होने वाले अधिकांश मुकाबले नेहरू स्टेडियम तथा ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन स्टेडियमों में फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी, जबकि खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन पलवल जिले में किया जाएगा। सभी स्थलों पर खिलाड़ियों की सुविधा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत वालीबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो तथा बास्केटबॉल खेल शामिल हैं तथा जिला स्तरीय ट्रायल 05 फरवरी से विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं। एडीसी ने आमजन से आह्वान किया कि वे इस राज्य स्तरीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें, ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़े और खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो सके।
बैठक में नगर निगम गुरुग्राम से संयुक्त आयुक्त विशाल, डीडीपीओ नवनीत कौर, एईओ जगदीश एहलावत सहित शिक्षा विभाग, डीएचबीवीएन, जीएमडीए, नगर निगम, एससीईआरटी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा आयोजन से जुड़े अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







