बकाया प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने पर सेक्टर-35 की संपत्ति सील, 19.21 लाख रुपये बकाया
गुरुग्राम, 4 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया राशि जमा न कराने वाले टैक्स डिफाल्टर प्रॉपर्टी मालिकों के खिलाफ अब सीधी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टैक्स ब्रांच की टीम ने सेक्टर-35 स्थित एक बड़ी डिफाल्टर संपत्ति को सील कर दिया है।
19,21,552 रुपये का था बकाया टैक्स
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित संपत्ति पर 19,21,552 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। संपत्ति मालिक को कई बार लिखित नोटिस जारी किए गए थे और भुगतान के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं कराया गया। लगातार अनदेखी के चलते निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संपत्ति को सील कर दिया।
टैक्स वसूली अभियान रहेगा जारी
शहर में टैक्स संग्रह बढ़ाने और राजस्व अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जिन संपत्ति मालिकों पर टैक्स बकाया है, उन्हें समय रहते भुगतान करने की अपील की गई है ताकि उन्हें सीलिंग या अन्य कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार नगर निगम का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी संपत्ति मालिक जानबूझकर टैक्स भुगतान में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने प्रॉपर्टी टैक्स का समय पर भुगतान करें।







