आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग की पहल, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

गुरुग्राम, 04 फरवरी 2026 — जिला गुरुग्राम स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में आयुष विभाग गुरुग्राम तथा हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य, योग और भारतीय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी और जिला योग समन्वयक डॉ. विकास यादव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ तथा योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग मंत्रोच्चारण और सामूहिक सूर्य नमस्कार अभ्यास से हुआ। प्रशिक्षित योग सहायकों ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार की बारह अवस्थाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया और इसके नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आत्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण योग अभ्यास है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और सकारात्मक ऊर्जा के संचार में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला योग समन्वयक डॉ. विकास यादव ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण उत्पन्न हो रही विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग बेहद आवश्यक है। सूर्य नमस्कार जैसे सरल और प्रभावी अभ्यास को अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और संतुलित जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और “स्वस्थ भारत – सशक्त भारत” की परिकल्पना को साकार करना रहा। उपस्थित प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग और सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
आयुष विभाग, गुरुग्राम के समस्त योग सहायकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतिभागियों ने इसे उपयोगी, प्रेरणादायक और स्वास्थ्यवर्धक बताया।







