सुरक्षा मजबूत करने के साथ पुलिस कर्मियों की सुविधाओं पर फोकस, योगेश्वर वाटिका और बुजुर्गों के लिए विशेष विश्राम स्थल तैयार

गुरुग्राम, 03 फरवरी 2026: पुलिस लाइन गुरुग्राम में पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा (IPS) की अध्यक्षता में आयोजित सी-लेवल कमेटी की बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बढ़ते शहरीकरण और अपराध की बदलती चुनौतियों को देखते हुए गुरुग्राम में 2 नए साइबर पुलिस थानों सहित कुल 6 नए पुलिस थाने स्थापित करने का निर्णय लिया गया। प्रस्ताव के अनुसार पूर्व और पश्चिम जोन में एक-एक अतिरिक्त साइबर थाना खोला जाएगा, जबकि सेक्टर-93, सेक्टर-46, ग्वाल पहाड़ी और हेलीमंडी में नए थानों के लिए प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। अधिकारियों को भूमि और संसाधनों के शीघ्र आवंटन के लिए आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कर्मियों को तनावमुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने हेतु पुलिस लाइन में ‘योगेश्वर वाटिका’ स्थापित की गई है। साथ ही गुरुग्राम, मानेसर और भोंडसी की तीनों पुलिस लाइनों में बुजुर्गों के समय व्यतीत करने के लिए विशेष स्थान तैयार किए गए हैं। पुलिस लाइन, गुरुग्राम में बुजुर्गों के लिए हवादार विश्राम गृह अंतिम चरण में है, जिसे अगले 10 दिनों में पूर्ण कर समर्पित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए परेड ग्राउंड के पास महिला और पुरुष कर्मियों के लिए नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। पुलिस आयुक्त ने अन्य चिन्हित स्थानों पर भी अगले एक माह के भीतर शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुलिस कर्मियों की फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट नेट और बैडमिंटन के सिंथेटिक ग्राउंड भी तैयार किए गए हैं। बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले सुझावों पर चर्चा करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और सभी विकास कार्यों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं करेंगे।
बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। इन फैसलों से न केवल गुरुग्राम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पुलिस परिवारों के जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है।







