मेट्रो सिटी के रूप में विकसित होगा सोनीपत : मोहन लाल बड़ौली
नायब सरकार का बजट जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप होगा : बड़ौली
चंडीगढ़, 2 फरवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सोमवार को गोहाना स्थित सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वित्तीय दृष्टि से हरियाणा को मोदी सरकार से मिलने वाली सहायता में बड़ा इज़ाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि 2026-27 के बजट अनुमान (बीई) में हरियाणा के लिए 20 हजार 772 करोड़ का टैक्स डिवोल्यूशन निर्धारित किया गया है, जबकि 2025-26 में 9 हजार 792 करोड़ की ग्रांट दी गई थी। उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 के बीच हरियाणा को कुल 1.06 लाख करोड़ टैक्स डिवोल्यूशन और 78,345 करोड़ अनुदान के रूप में प्राप्त हुए। श्री बड़ौली ने कहा कि यह दर्शाता है कि मोदी सरकार ने हरियाणा की विकास जरूरतों को प्राथमिकता दी है। मोहन लाल बड़ौली ने मोदी सरकार ने बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा है। यह बजट सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास की भावना को चरितार्थ करता है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने समावेशी बजट पेश किया है। देश में ट्रामा सेंटर खोले जाएंगे, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना के तहत ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। कैंसर की दवाईयों पर कस्टम ड्यूटी में छूट दी गई है जिससे मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी। सोलर पैनल, जूते, कपड़े सस्ते होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के राखी गढ़ी पर्यटक स्थल को वैश्विक पहचान मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने यह बजट विकसित भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया है। बजट में शिक्षा, कृषि, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट निश्चित तौर पर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम कदम है। श्री बड़ौली ने कहा कि पयर्टन को बढ़ावा मिलेगा, सात नए रेल कॉरिडोर शुरू करने का प्रावधान मोदी सरकार ने बजट में किया है।
श्री बडौली ने कहा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके इसलिए बजट में आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए तीन नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने का प्रावधान बजट में किया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त हों और आत्मनिर्भर बने इसी लक्ष्य को ध्यान मेंं रखते हुए मोदी सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योग और एआई पर विशेष ध्यान दिया है। सोनीपत के आईएमटी क्षेत्र को विकसित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। बजट में मोदी सरकार ने राखीगढ़ी के विकास के लिए भी 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सोनीपत को भी मेट्रो सिटी के रूप में विकसित करने का उल्लेख किया गया है।
पत्रकार के एक सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि सरकार जीएसटी सुधार के जरिए पहले ही आम जनता को राहत दे चुकी है। उन्होंने विपक्ष को भी घेरते हुए कहा कि विपक्ष के पास कहने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए विपक्ष के लोग झूठ बोलने का काम कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा का बजट जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप होगा। नायब सैनी सरकार हर वर्ग से मिले सुझावों के अनुरूप बजट तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार का बजट गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







