भाजपा ने सभी जिला मुख्यालयों पर सामूहिक रूप से बजट को लाइव देखने की व्यवस्था पूरी की
जन-अपेक्षाओं पर केंद्रित होगा मोदी सरकार का बजट : मोहन लाल बड़ौली
बजट की खास विशेषताओं को लेकर 1 से 15 फरवरी तक चलेगा व्यापक जनसंपर्क अभियान : बड़ौली
चंडीगढ़, 31 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भर में बड़ी स्क्रीन पर देखेंगे। भाजपा ने सभी जिला मुख्यालयों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर केंद्रीय बजट को लाइव देखने की पूरी व्यवस्था कर ली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, मंत्री और मैं स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ लाइव बजट को देखेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि मंडल स्तर पर भी कार्यकर्ता टीवी के माध्यम से लोगों के साथ लाइव केंदीय बजट को देखेंगे।
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार अपने बजट और आर्थिक नीतियों के माध्यम से 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य पर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रविवार को आने वाला बजट समावेशी, सर्वस्पर्शी और हर वर्ग को लाभान्वित करने वाला तथा जन-अपेक्षाओं पर केंद्रित होगा। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने बजट की विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने की भी योजना बनाई ताकि हर वर्ग के लोगों को बजट की जानकारी हो सके।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है। यह व्यापक जनसंपर्क अभियान पूरे प्रदेश में 1 से 15 फरवरी तक चलाया जाएगा। इस दौरान सभी केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी के बड़े नेता अलग-अलग जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और बजट की प्रमुख बातों को जनता के सामने रखेंगे।
श्री बड़ौली ने बजट के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेश व जिला स्तर पर बजट टोली गठित की गई है। श्री बड़ौली ने कहा कि पार्टी नेता किसानों, महिलाओं, सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्यमियों, व्यापारियों, मजदूरों, छात्रों, पेशवरों और कारीगरों के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में बजट की प्रमुख बातों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने अभियान के माध्यम से यह भी बताएगी कि जहां दुनिया में आर्थिक मोर्चे पर उथल-पुथल मची हुई है वहीं भारत की अर्थव्यवस्था पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा केंद्रीय बजट की खास विशेषताओं को लेकर मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। हर विधानसभा में सांसद, विधायक और मेयर के नेतृत्व में ’बजट चौपाल’ का आयोजन कर बजट पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बजट चर्चा के दौरान सांसद, विधायक, महापौर एवं अन्य जन प्रतिनिधि बजट के प्रमुख लाभों को समझाने वाले संदेश भी लोगों को साझा करेंगे।







