गुरुग्राम में 4 स्थानों पर गोलियां चलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार**
गुरुग्राम, 30 जनवरी 2026। पुराने झगड़े की रंजिश को लेकर फोन पर जान से मारने की धमकी देने और बाद में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में गुरुग्राम पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जिला गुरुग्राम में अलग-अलग चार स्थानों—घामडोज टोल, राहुल कादरपुर, रोहित व गोकुल के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-65 गुरुग्राम को गांव कादरपुर में एक व्यक्ति के घर पर गोली चलाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन-ऑफ-क्राइम, एफएसएल व फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण कराया गया।
घटनास्थल पर मौजूद शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह गांव कादरपुर का निवासी है। 28 जनवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे से 1 बजे तक गांव के आपराधिक प्रवृत्ति के युवक विनय, बॉबी और पवन लगातार उसके व उसके भाई के मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। भय के चलते उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी काले रंग की गाड़ी में उनके घर पहुंचे और 8 से 10 राउंड हवा में फायरिंग करते हुए धमकी दी कि “आज तो बच गए, आगे नहीं बच पाओगे।”
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 जनवरी 2026 को तीनों आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
- विनय (26 वर्ष)
- बॉबी (25 वर्ष)
- पवन (27 वर्ष)
तीनों निवासी गांव कादरपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच पुरानी आपसी लड़ाई-झगड़े की रंजिश थी, इसी के चलते आरोपियों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने गुरुग्राम जिले में गोली चलाने और हत्या के प्रयास से जुड़ी तीन अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।







